January 20, 2026
1001352400.jpg
Spread the love

17 दिसम्बर 2025

सीजी क्राइम रिपोर्टर……..

बिलासपुर/सकरी

थाना सकरी पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो नकदी चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम महेंद्र उर्फ मोनू प्रजापति पिता रामकुमार (24 वर्ष) और महेंद्र साहू पिता रामलाल साहू (39 वर्ष), निवासी सकरी, जिला बिलासपुर बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार साईं नेचर सिटी निवासी एक प्रार्थी ने 16 अप्रैल 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके मकान का ताला तोड़कर आलमारी से 15 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए गए। इसी तरह सकरी बटालियन निवासी शिवकुमार ने शिकायत की थी कि नारायणी होम्स, संबलपुर स्थित उनके घर का ताला तोड़कर 21 नवंबर 2025 को 20 हजार रुपये नगद पार कर दिए गए। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सकरी क्षेत्र का निगरानी बदमाश महेंद्र उर्फ मोनू प्रजापति अपने साथियों के साथ लगातार सक्रिय रहता है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेंद्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। संदिग्ध महेंद्र उर्फ मोनू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने साईं नेचर सिटी व नारायणी होम्स संबलपुर की दोनों चोरी की वारदातों को अपने साथी महेंद्र साहू के साथ मिलकर करना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त लोहे की रॉड और चाकू बरामद कर जब्त किए गए। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल बिलासपुर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, मालती तिवारी, आरक्षक आशीष शर्मा, अफाक खान, पवन बंजारे, सुमंत कश्यप और विनेंद्र कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।