13 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…….
बिलासपुर:–विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में जिला एड्स नियंत्रण समिति, बिलासपुर द्वारा 1 से 15 दिसंबर तक एड्स जागरूकता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सीएमएचओ कार्यालय से एड्स जागरूकता रैली निकाली गई। रैली सीएमएचओ कार्यालय से प्रारंभ होकर महामाया चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी।

रैली के माध्यम से आमजन को एचआईवी/एड्स से बचाव, नियमित जांच एवं समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने पोस्टर, नारों और पेंटिंग के जरिए सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। साथ ही मितानिनों द्वारा समुदाय स्तर पर घर-घर संपर्क कर ट्रक चालकों एवं अन्य जोखिम समूहों को भी जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि जागरूकता पखवाड़े के अंतर्गत पेंटिंग प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, सामुदायिक संवाद एवं परामर्श जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशे, विशेषकर इंजेक्शन ड्रग्स के उपयोग से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। साझा सुइयों के उपयोग से बचना और समय पर जांच कराना अत्यंत आवश्यक है।

जिला एड्स नियंत्रण समिति की नोडल अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी ने कहा कि एड्स से बचाव के लिए सुरक्षित व्यवहार, नियमित जांच और सही जानकारी जरूरी है। समय पर पहचान होने पर उपचार प्रभावी होता है और व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है।
उल्लेखनीय है कि 1 से 15 दिसंबर तक जिलेभर में एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रैली में बड़ी संख्या में मितानिन, डॉक्टर, हेल्थ केयर कर्मी, टीआई एनजीओ (एलडब्ल्यूएस) से जुड़े प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
