13 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..।
बिलासपुर
एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) में सामने आई गड़बड़ी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम हटाकर दूसरे शहर में जोड़ने का मामला वोट चोरी की अधूरी कोशिश को उजागर करता है।

विजय केशरवानी का आरोप है कि उनका नाम बिलासपुर के नर्मदा नगर की मतदाता सूची से हटाकर भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 54 में जोड़ दिया गया, जबकि उन्होंने कभी बिलासपुर के बाहर मतदान नहीं किया। उन्होंने इसे निर्वाचन प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही और भाजपा-चुनाव आयोग की मिलीभगत बताया।
भाजपा अध्यक्ष के बयान पर सवाल
पूर्व अध्यक्ष ने शहर जिला भाजपा अध्यक्ष के इपिक नंबर संबंधी बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इपिक नंबर गलत जोड़ा गया है तो इसकी जिम्मेदारी निर्वाचन कार्यालय की है। बीएलओ व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से की शिकायत
एसआईआर में हो रही कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
कलेक्टर ने जांच का दिया आश्वासन
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले की जांच कराने और रायपुर स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय को शिकायत भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने नगर निगम आयुक्त और एडीएम की उपस्थिति में आवश्यक सुधार की बात कही।
कांग्रेस एकजुट
इस मुद्दे पर कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ता एकजुट नजर आए। प्रतिनिधिमंडल ने एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग की।
