13 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर / चक्करभाटा
श्री झूलेलाल चालीहा महोत्सव के पावन अवसर पर चक्करभाटा में आयोजित भव्य धार्मिक संध्या श्रद्धा, भक्ति और आस्था के अद्भुत संगम के रूप में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 10:00 बजे भगवान झूलेलाल एवं बाबा गुरमुख दास जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पण एवं आरती के साथ किया गया।

प्रारंभ में अनिल पंजवानी एवं गौरव द्वारा प्रस्तुत भक्ति भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात रात्रि 10:30 बजे प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) की प्रसिद्ध भजन गायिका अंकिता ने अपनी मधुर वाणी से एक से बढ़कर एक सिंधी एवं हिंदी भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी। भजनों की गूंज से संपूर्ण पंडाल श्रद्धालुओं की तालियों और जयकारों से गूंज उठा, भक्तजन भाव-विभोर होकर झूम उठे।

भजन प्रस्तुति के दौरान गायिका अंकिता ने अपने जीवन से जुड़ा एक भावुक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व उनकी तबीयत एवं गला खराब होने के कारण उनका कार्यक्रम में आना कठिन हो गया था। जब उन्होंने अपनी समस्या सांई जी के सेवादारों को बताई तो उन्हें आश्वासन मिला कि भगवान झूलेलाल की कृपा से सब कुछ ठीक हो जाएगा। चालीहा महोत्सव के इस पावन अवसर पर सचमुच भगवान झूलेलाल की असीम कृपा उन पर बरसी, उनकी तबीयत भी ठीक हुई और स्वर भी पुनः मधुर हो गया।
उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी निष्फल नहीं जाती और भगवान झूलेलाल के दरबार में आने वाला कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता। इस तपोभूमि में आकर वे स्वयं को धन्य अनुभव कर रही हैं। जैसे लोग प्रयागराज में गंगा मैया में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं, वैसे ही यहां आकर उन्हें भी वही आध्यात्मिक आनंद और शांति प्राप्त हो रही है। उन्होंने भगवान झूलेलाल को जल के अवतार बताते हुए कहा कि गंगा मैया मां स्वरूप हैं और भगवान झूलेलाल पिता स्वरूप—दोनों की कृपा छाया में मानव जीवन आनंदित हो जाता है।

कार्यक्रम के अंत में पल्लव पाठ एवं प्रसाद वितरण किया गया। आज की धूनी का आयोजन वर्मा परिवार द्वारा किया गया, जिनके द्वारा संत सांई लाल दास जी का स्वागत एवं सम्मान किया गया। सांई जी ने भी वर्मा परिवार को भगवान झूलेलाल का छायाचित्र भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया। वहीं बाबा गुरमुख दास सेवा समिति द्वारा मशहूर गायिका अंकिता का सम्मान एवं सत्कार किया गया।
इस संपूर्ण धार्मिक आयोजन का सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे हजारों श्रद्धालुओं ने घर बैठे देख कर पुण्य लाभ अर्जित किया। संपूर्ण वातावरण भगवान झूलेलाल की भक्ति, आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा।
