रायगढ़। गांव की महिलाओं से छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकतों के आरोपों के बीच एक युवक को महिला से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधि द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद उसके व्यवहार में सुधार नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 18 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे वह घर के पास जंगल में दिशा मैदान के लिए गई थी। इसी दौरान गांव का मनीष राठिया (30), पिता चकबंदी राठिया, झाड़ियों के पीछे छिपा था। आरोप है कि उसने युवती का हाथ और साड़ी पकड़कर खींचतान की और छेड़छाड़ की। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में गांव की अन्य महिलाओं के साथ भी ऐसी हरकतें करता था।
शिकायत पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 77 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज करने तथा चिकित्सकीय परीक्षण के बाद महिला थाना और चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम केंवट, विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत और चक्रधरनगर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम की भूमिका रही।
