बिलासपुर। स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिल्हा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18 अक्टूबर को चार स्थायी वारंट तामिल कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। पकड़े गए वारंटी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर थे। पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर थाना बिल्हा पुलिस ने कुल 10 स्थायी वारंट तामिल किए हैं।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर वारंटियों की तलाश की जा रही थी। सूचना तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जयंत भास्कर (32), निवासी निपनिया; संजू डहरिया (15), निवासी झाल; सूरज मरावी (20), निवासी खम्हारडीह और मंगलदास डहरिया (61), निवासी बरतोरी को पकड़ा। ये आरोपी नकबजनी, आबकारी और विद्युत अधिनियम से जुड़े मामलों में स्थायी वारंटी थे। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग सहित प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे और आरक्षक संतोष मरकाम, सुमन चंद्रवंशी, उपेन्द्र ठाकुर, अर्जुन जांगड़े एवं प्रताप साहू का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि स्थायी वारंटियों की तलाश और वारंट तामिली का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
