छत्तीसगढ़ के ग्राम मेंड्रा में 17 अक्टूबर की रात पुरानी रंजिश के चलते 3 वर्षीय बच्ची को धारदार हथियार के साथ ले जाने की कोशिश के दौरान आरोपी ने बच्ची की दादी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 56 वर्षीय राजकुमारी यादव की सिम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में आरोपी प्रशांत शुक्ला (26) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 8:30 बजे की है। आरोपी पड़ोस के घर में खेल रही बच्ची को मारने की नीयत से धारदार हथियार के साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव ने उसे देख लिया और रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने राजकुमारी यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
