बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में 26 मेगावाट क्षमता के तैरते सौर ऊर्जा संयंत्र के निर्माण कार्य के दौरान 12 ड्रम तांबे की केबल चोरी करने के मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 2 क्विंटल 11 किलोग्राम तांबे की केबल, घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा, एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद तांबे की केबल की कीमत करीब 2 लाख रुपये है। चोरी की वारदात का खुलासा 24 घंटे के भीतर करने का दावा किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ब्रिज एंड रूफ कंपनी इंडिया लिमिटेड के साइट कार्यालय में 6 एमएम की तांबे की केबल के 100 ड्रम रखे थे। जांच के दौरान 12 ड्रम गायब मिले, जिसके बाद 16 अक्टूबर को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, उसने अपने सात अन्य साथियों के साथ मिलकर कंपनी कार्यालय की दीवार फांदकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद केबल को ई-रिक्शा में ले जाकर प्रगति नगर स्थित खंडहर अस्पताल परिसर में जलाया गया और तांबा निकालकर नवाडीह के कबाड़ी नंद कुमार साहू को बेच दिया गया। आरोपियों ने बिक्री से मिले 2,00,106 रुपये आपस में बांट लिए थे और इसी रकम से मोटरसाइकिल खरीदी थी।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी, देवी लाल देवार, उमाशंकर सूर्यवंशी, चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी, चतुर राम खरे, अनिल कुमार सूर्यवंशी, चंद्रहास सूर्यवंशी और नंद कुमार साहू शामिल हैं। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक CG 10 CD 7142, मोटरसाइकिल, नकदी और तांबे की केबल जब्त की है। सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सीपत पुलिस द्वारा की गई।
