बिलासपुर। दुर्गा पंडाल के पास मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई के लिए थाने बुलाए गए दो आरोपी पुलिस के सामने ही हंगामा करने लगे। मामला सकरी थाना परिसर का है, जहां पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात प्रार्थी राकेश भार्गव अपने परिवार के साथ दुर्गा पंडाल देखने गया था। सकरी स्थित दुर्गा पंडाल के पास किसी बात को लेकर राजेश देवांगन (36) और महेश ध्रुव उर्फ करिया (31) के साथ उसका विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन 17 अक्टूबर को प्रार्थी की रिपोर्ट पर सकरी थाने में अपराध क्रमांक 967/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, जहां प्रार्थी को देखकर वे उत्तेजित हो गए और हंगामा करने लगे। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
