बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक साल से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी सुमेन्द्र कुमार खाण्डे (43) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी शिव खाण्डे को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 22 मई 2025 की है। गतौरा में किराना दुकान पर सामान के पैसे मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद सुमेन्द्र खाण्डे अपने भाई शिव खाण्डे के साथ दुकान पहुंचा और दोनों ने शशीकांत को जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान शिव खाण्डे ने लोहे की पट्टीनुमा रॉड से शशीकांत के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना के दौरान शिव खाण्डे को पहले गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सुमेन्द्र खाण्डे घटना के बाद से फरार चल रहा था। मस्तूरी पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद 17 अक्टूबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
