बिलासपुर। नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तारबाहर पुलिस ने मारपीट और धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए भूपेश सिंह लोनिया उर्फ राजा (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 की रात डीपूपारा निवासी मोहन साहू उर्फ राहुल (22 वर्ष) किराना दुकान सामान लेने गया था। इसी दौरान आरोपी ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित की रिपोर्ट पर तारबाहर थाने में अपराध क्रमांक 359/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं, नवरात्रि के दौरान शांति भंग करने के मामले में तारबाहर निवासी राजकुमार घृतलहरे के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसे बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
