बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले 22 वर्षीय आदतन बदमाश बब्बन सारथी उर्फ राज सारथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शिव मंदिर के पास चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों में भय पैदा कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से स्टील का धारदार बटननुमा चाकू जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बब्बन सारथी उर्फ राज सारथी, पिता छोटू सारथी, प्रभात चौक चिंगराजपारा का निवासी है। उसके खिलाफ पहले से 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
