बिलासपुर। बिलासपुर में एक 23 वर्षीय विवाहिता अपने मासूम बच्चे के साथ अचानक लापता हो गई है। बहतराई स्थित भूकंप अटल आवास से मां-बच्चे के गायब होने के बाद पति ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दोनों का अपहरण कर बंधक बनाए जाने की आशंका जताई है। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध क्रमांक 1464/2026 दर्ज कर तलाश और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, ब्लॉक नंबर 10, मकान नंबर 23 निवासी सिद्धांत ग्रांय नगर निगम बिलासपुर में ठेकेदारी के तहत सफाई कार्य करता है। उसकी पत्नी सिया ग्रांय 10 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे अपने बच्चे को लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, मगर मां-बच्चे का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पति ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और अनहोनी की आशंका जताई।

लापता सिया की उम्र 23 वर्ष, कद करीब पांच फीट, रंग गोरा, चेहरा गोल और शरीर हृष्ट-पुष्ट है। उसके काले बाल हैं तथा दाहिने गाल पर तिल का निशान है। घर से निकलते समय उसने हरे रंग का सलवार-सूट पहना था। वह हिंदी और छत्तीसगढ़ी बोलती है। मामले की विवेचना निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य कर रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से महिला व बच्चे का पता लगाने में जुटी है। हालांकि, अपहरण की आशंका की अभी पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
