बिलासपुर/बिल्हा। क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्कों की गूंज के बीच लैंगिक समानता का संदेश भी बुलंद हुआ। बिल्हा विकासखंड में आयोजित प्रथम RISE प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डगनिया की टीम ‘डगनिया के धुरंधर’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाड़ी की टीम ‘भाड़ी के ब्लास्टर्स’ उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

गर्ल राइजिंग इंडिया फाउंडेशन और समर्पित सेंटर फॉर पॉवर्टी एलिविएशन एंड सोशल रिसर्च द्वारा एचपी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस लीग में भाड़ी, डगनिया, लखराम और सेलर के चार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के कुल 68 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की खासियत यह रही कि लड़के और लड़कियां एक ही टीम में शामिल होकर मैदान पर उतरे। पिछले दो वर्षों से छत्तीसगढ़ के 19 शासकीय विद्यालयों में संचालित RISE कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में 21वीं सदी के कौशल विकसित करने के साथ लैंगिक समानता, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिता में दानिश साहू और रजनी केंवट को संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द मैच, जबकि लक्की साहू और शालिनी यादव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक और प्रसिद्ध इन्फ्लुएंसर प्रिंसी पारिख उपस्थित रहे।
आयोजक संस्थाओं की ओर से अध्यक्ष डॉ. संदीप शर्मा सहित समर्पित संस्था की प्रोजेक्ट डायरेक्टर नजनीन अली, प्रोजेक्ट मैनेजर निशा श्रीवास, फील्ड कोऑर्डिनेटर उपासना दुबे, नाजमीन बानो और एन.के. पांडे तथा गर्ल राइजिंग की निधि शुक्ला, रिचा हिंगरोनी, अपूर्वा वुरीटी और रवि कुमार ने आयोजन में सहभागिता निभाई। यह प्रतियोगिता खेल के माध्यम से समान अवसर, साझेदारी और समावेशी सोच को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनी।
