रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक पर निकले 49 वर्षीय कॉलेज प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता का चार आरोपियों ने अपहरण कर लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर क्षेत्र के पंडरीपानी ले जाकर बंधक बना लिया। मारपीट के बाद मोबाइल, पासवर्ड और यूपीआई संबंधी जानकारी हासिल कर एक महिला के खाते का क्यूआर कोड मंगवाया और प्रोफेसर के खाते से करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
परिजनों को घटना पर संदेह होने के बाद उन्होंने पंडरीपानी पहुंचकर तलाश शुरू की। इसकी सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस सक्रिय हुई और थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में रातभर कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर लिया। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण और खाते से रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
पुसौर पुलिस ने मामले में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों द्वारा जिस महिला के खाते में रकम भेजी गई थी, उससे संपर्क कर पूरी रकम सुरक्षित करा ली गई है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
