रायगढ़। सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से करीब 47.05 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कोतरारोड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कांटाहरदी निवासी 64 वर्षीय रघुनाथ सिदार वर्ष 2024 में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। आरोपी छत्रपाल सिदार उनका परिचित और विश्वासपात्र था तथा वर्ष 2020 से बैंक संबंधी कार्यों में उनकी मदद करता था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने जनवरी 2020 से जून 2026 के बीच शिक्षक के खाते से अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के उद्देश्य से बैंक पहुंचे शिक्षक ने जब खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तब करीब 47,05,000 रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ। जांच में ग्रामीण बैंक, आईडीबीआई बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य खातों में रकम ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई। शिकायत पर कोतरारोड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने रकम अपने एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और अपेक्स बैंक खातों में ट्रांसफर करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ट्रांसफर की गई रकम को ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दिया। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों से संबंधित जानकारी, एटीएम और मोबाइल फोन जब्त कर जांच आगे बढ़ाई है। आरोपी छत्रपाल सिदार (34), निवासी कांटाहरदी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
