बेमेतरा पुलिस ने साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों में मंगाकर खपाने और बैंक खाते, पासबुक व एटीएम दूसरे लोगों को उपलब्ध कराने वाले म्यूल खाता धारकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सिटी कोतवाली पुलिस ने अब तक 4 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि अलग-अलग बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की कुल 2 लाख 37 हजार 820 रुपये की रकम का लेन-देन किया गया।
मामले में देवेन्द्र कुमार टंडन को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि जितेन्द्र वर्मा और कुमार दास गायकवाड को 6 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपने बैंक खाते खुलवाकर पासबुक और एटीएम दूसरे व्यक्तियों को देने तथा ठगी की रकम अपने खातों में प्राप्त करने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कुमार दास गायकवाड के कब्जे से 4 बैंक पासबुक और 5 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल द्वारा की गई। मामले में पुलिस की विवेचना और अन्य म्यूल खातों की तस्दीक जारी है।
