बेमेतरा में अवैध सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर सेल और परपोड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य खाईवाल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी व पेन समेत कुल 19,500 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संदीप सिंह राजपूत परपोड़ी बस स्टैंड स्थित अपनी मोबाइल दुकान में लोगों से रुपये का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि वह कबीरधाम निवासी तोरन साहू के लिए 200 रुपये रोजाना में सट्टा-पट्टी लिखने का काम करता था, जिसके बाद पुलिस ने तोरन साहू को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 112 बीएनएस और छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना परपोड़ी की संयुक्त टीम ने की।
