बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में सेवा सहकारी समिति मुरता में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और शासकीय राशि के गबन के मामले में पुलिस ने करीब दो माह से फरार आरोपी अमित साहू को गिरफ्तार किया है। मामले में समिति के प्रभारी प्रबंधक राजेन्द्र पाण्डेय और लिपिक अमित साहू के खिलाफ ₹57,01,454.40 के गबन का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, कूटरचना और गबन सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी राजेन्द्र पाण्डेय को पुलिस पहले ही 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
फरार आरोपी अमित साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी मुरता को 5 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नवागढ़ थाना पुलिस ने की।
