रायगढ़ में शेयर बाजार में कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने मामले में मेनका सारथी (37), निवासी बरतुंगा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला गांव की महिलाओं को निवेश पर मोटा मुनाफा और रकम दोगुनी होने की गारंटी देकर उनसे पैसे लेती थी।
शुरुआत में कुछ महिलाओं को लाभ की राशि देकर विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में रकम लौटाना बंद कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 6 अप्रैल से 24 अक्टूबर 2025 के बीच कई महिलाओं से नगद और बैंक के माध्यम से रकम ली गई। जांच में आरोपी के तीन बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन का पता चला। कुछ पीड़ित महिलाओं ने कर्ज लेकर भी रकम निवेश की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, तीन बैंक खाते और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने पति अक्षय सारथी, मां मीरा सोनवानी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर रकम के लेनदेन और निवेश के नाम पर ठगी किए जाने की जानकारी दी है।
मामले में पुलिस ने 22 जुलाई 2026 को अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की गिरफ्तारी अभी बाकी है, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार में कम समय में दोगुना-तिगुना मुनाफा या निश्चित लाभ देने के दावों पर भरोसा कर अपनी मेहनत की कमाई न लगाएं और निवेश से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था की विश्वसनीयता व वैधता की जांच जरूर करें।
