04 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। शादी का झांसा देकर 19 वर्षीय युवती का शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, स्कूटी रिपेयर कराने के दौरान युवती की पहचान गैरेज में काम करने वाले साहिल बंजारे (20) से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि 22 फरवरी को साहिल ने युवती को अपने घर बुलाकर शादी का भरोसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी कई स्थानों पर उसका शारीरिक शोषण किया गया।
18 अगस्त को खरसिया में भी आरोपी ने युवती के साथ संबंध बनाए। शादी की बात करने पर उसने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और शादी से इनकार कर दिया।
2 सितंबर को शिकायत मिलने पर खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 463/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया और आवश्यक चिकित्सकीय कार्रवाई के बाद 24 घंटे के भीतर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
