03 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर /रायगढ़ विशेष
रायगढ़। मामूली विवाद में युवक पर पिस्टलनुमा एयरगन से फायर कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी पतासाजी करते हुए आरोपी हरसवरन सिंह घोतड़ा को ग्वालियर में दबोचा। गिरफ्तारी में जीआरपी ग्वालियर का भी सहयोग रहा।
29 अगस्त की रात कोतरारोड क्षेत्र में सड़क पर पानी के छींटे पड़ने की बात को लेकर हरसवरन का खुशहाल अग्रवाल से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिस्टलनुमा हथियार से खुशहाल के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर किया। खुशहाल नीचे बैठ गया, जिससे उसकी जान बच गई। वारदात के बाद आरोपी अपनी
मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी को भगाने में उसके साले बुधराम चौहान उर्फ छोटू ने मदद की थी। बुधराम आरोपी को मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर रेलवे स्टेशन तक छोड़कर आया था। पुलिस ने उसे पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इसके बाद साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हरसवरन की लोकेशन ट्रेस की और टीम ग्वालियर पहुंची। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया और बताया कि घटना में इस्तेमाल एयरगन उसने ऑनलाइन खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे/मेमोरेण्डम के आधार पर मोबाइल भी जब्त किया है।
मामले में थाना कोतवाली में बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
मुख्य आरोपी: हरसवरन सिंह घोतड़ा
सहआरोपी: बुधराम चौहान उर्फ छोटू
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
