03 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
सरकंडा पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, तीन चोरी की वारदातों का खुलासा
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने दोपहिया वाहन व मोबाइल चोरी के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया है। उसकी निशानदेही पर 01 पल्सर बाइक, 01 प्लेजर स्कूटी और 01 सैमसंग मोबाइल बरामद कर जप्त किया गया।
31 अगस्त की रात सरकंडा क्षेत्र से पल्सर बाइक CG 10 BM 1677 चोरी होने की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूम रहे बाल अपचारी को संरक्षण में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पल्सर चोरी के साथ साइंस कॉलेज के पास से सैमसंग मोबाइल और खपरगंज जवाली नाला रोड से प्लेजर स्कूटी CG 04 MX 7653 चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ज्योति होटल, सीपत रोड के पीछे पानी टंकी के पास से दोनों वाहन और मोबाइल बरामद किए।
कार्रवाई DIG एवं SSP बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल एवं CSP सरकंडा श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई। बाल अपचारी को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
