03 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। पुरानी रंजिश में युवक को घेरकर चाकू, डंडे और अन्य हथियारों से जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बापूनगर में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चाकू, लोहे का पंच, पत्थर और साइकिल की चैन बरामद की गई।
30 अगस्त की रात पालेश्वर दीप घर से गुटखा लेने निकला था। हनुमान मंदिर के पास पुरानी रंजिश को लेकर कृष्णा डोगरे और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए चाकू व लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में पालेश्वर के सिर, माथे, पेट और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुरुआत में मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में हमले की गंभीरता सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास और बलवा की धाराएं 109(1), 190, 191(2) एवं 191(3) बीएनएस भी जोड़ दीं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृणामुखी उर्फ गिदुमुखी (19), सेवक साण्डे (23), देवेन्द्र कन्द्र (24), सोहन साण्डे (20), सादिन महानंद (20) और अलिस साण्डे (21) सभी निवासी बापूनगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
त्योहार के बीच पुलिस की सख्ती: शहर में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस पहले ही बदमाशों को अपराध और विवाद से दूर रहने की सख्त समझाइश दे चुकी थी। इसके अगले ही दिन हुई हिंसक वारदात पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा और कीर्ति राजपूत की अहम भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर
प्रधान संपादक
