03 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/ रायगढ़ विशेष
रायगढ़। जमीनों के फर्जीवाड़े के दो गंभीर मामलों में पुलिस ने फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी राकेश कुमार साय को गिरफ्तार किया है। उस पर पण्डो जनजाति की भूमि को फर्जी तरीके से गैर-आदिवासी के नाम दर्ज कराकर बिक्री कराने और शासकीय जमीन के फर्जी दस्तावेज व पट्टे तैयार कर रजिस्ट्री कराने में भूमिका होने का आरोप है।
कापू क्षेत्र के ग्राम डुमरनारा में खसरा नंबर 409 की पण्डो जनजाति की जमीन को बिना सक्षम आदेश के सुखन नामक व्यक्ति के नाम दर्ज कराया गया। इसके बाद फरवरी 2024 में जमीन रायपुर निवासी महिला के नाम रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के जरिए बेच दी गई। जांच में फर्जी पहचान और आधार कार्ड के इस्तेमाल की बात सामने आई। मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
दूसरे मामले में ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि खसरा नंबर 467/23, 467/25 और 467/36 को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कर फर्जी पट्टे तैयार करने और बाद में रजिस्ट्री कराने का आरोप है। इस मामले में भी पटवारी सहित अन्य लोगों की भूमिका की जांच चल रही है।
दोनों मामलों में अपराध दर्ज होने के बाद राकेश साय फरार था। पुलिस को उसके ग्राम गनपतपुर में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर मशीन जब्त की है। इन्हीं उपकरणों से फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
दोनों मामलों में अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
