02 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बाइक और मोबाइल चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास कुमार चौहान (29) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर निगरानी बदमाश महेश पैंकरा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
मामला 29 जून का है। फुलीकुण्डा निवासी बसंत राठिया घरघोड़ा में जैन पंडा के घर के सामने अपनी मोटरसाइकिल सीजी-13-यूए-3703 खड़ी कर खाद लेने गया था। बाइक के हैंडल पर टंगे झोले में उसका रेडमी मोबाइल भी रखा था। वापस लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब मिले। शिकायत के बाद घरघोड़ा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की बाइक लेकर घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महेश ने अपने साथी विकास चौहान के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी की बाइक और करीब 20 हजार रुपये कीमत का मोबाइल बरामद कर लिया गया, जबकि विकास घटना के बाद से फरार था।
यूट्यूब चैनल पर भी रखी नजर, गांव में दबिश देकर दबोचा
फरार विकास की तलाश में पुलिस ने उसके साथियों से जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह यूट्यूब चैनल चलाता है। पुलिस उसकी ऑनलाइन गतिविधियों पर भी नजर रख रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान 1 सितंबर को सूचना मिली कि विकास अपने गांव चुहकीमार में मौजूद है।
सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने महेश पैंकरा के साथ मिलकर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक युगल मिश्रा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्योराम पटेल सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर
प्रधान संपादक
