02 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़ में मामूली नुकसान की भरपाई के नाम पर कंटेनर चालक से 50 हजार रुपये की मांग कर उसका वाहन करीब छह दिन तक जबरन रोककर रखने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही कोतरारोड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शोरूम के मैनेजर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कंटेनर को मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार राजस्थान निवासी कंटेनर चालक अली मोहम्मद 26 अगस्त को भगवानपुर रोड स्थित अपराजिता टीवीएस शोरूम के वेयरहाउस में वाहन खाली करने पहुंचा था। कंटेनर को पीछे करते समय बिजली के खंभे पर लगा बल्ब टूटकर पास खड़ी कार पर गिर गया, जिससे कार को मामूली नुकसान हुआ।
इसके बाद शोरूम के मुकेश गुप्ता और मैनेजर आशीष पुरी गोस्वामी ने नुकसान की भरपाई के नाम पर चालक से 50 हजार रुपये की मांग की। चालक ने पांच हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन रकम स्वीकार नहीं की गई। आरोप है कि दोनों ने कंटेनर के आगे कार खड़ी कर उसका रास्ता रोक दिया।
चालक के अनुसार 26 से 31 अगस्त तक कंटेनर को नहीं छोड़ा गया। गेट बंद होने के कारण वह मजबूरी में कंटेनर में ही रात गुजारता रहा। आरोपियों पर धमकाने और 50 हजार रुपये देने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप है।
शिकायत के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश गुप्ता और आशीष पुरी गोस्वामी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 319/2026 के तहत धारा 126(2), 316(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
