01 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय में 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए तीन कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सीएमडी कक्ष में शाल, श्रीफल और पुष्पहार से सम्मानित करने के साथ सेवानिवृत्ति संबंधी समस्त भुगतान का चेक भी प्रदान किया गया।
मुख्यालय के सम्मेलन कक्ष में मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित विदाई समारोह में विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को याद किया। मानव संसाधन विभाग के लाइब्रेरियन विवेक सिंह चंदेल, ईएनटी विभाग के सहायक अभियंता आलोक कुमार जायसवाल तथा सामग्री प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ डीईओ जसपर कार्ल को सम्मान के साथ विदाई दी गई।
समारोह में शीर्ष प्रबंधन ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों की मेहनत, कार्यकुशलता और समर्पण ने कंपनी की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका योगदान कंपनी के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रबंधन ने तीनों के सपरिवार उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।
विदाई के अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मियों ने एसईसीएल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कंपनी में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी सहयोग तथा कार्य के प्रति निष्ठा की भावना रही है। सभी ने कंधे से कंधा मिलाकर कंपनी के विकास में योगदान दिया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय वाचन एवं उद्घोषणा का दायित्व प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने सफलतापूर्वक निभाया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
