30 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/ बेमेतरा विशेष
बेमेतरा में गौवंश तस्करी के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गौवंश को बरामद कर पिकअप वाहन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा तीन पड़वा (भैंसा) को बिना चारा-पानी और पर्याप्त हवा के वाहन में ठूंस-ठूंसकर कथित रूप से कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, गौसेवकों से मिली सूचना के आधार पर 29 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे बालसमुंद-चंदनू रोड स्थित जैतखाम के पास सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक CG10 AN 1090 को रोककर जांच की गई। वाहन में तीन गौवंश मिले। पूछताछ में आरोपियों की पहचान धनुष यादव (32), रमेश साहू (26) और मवेशी मालिक कालीचरण साहू (23) के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें अपराध स्वीकार करने की बात सामने आई। कार्रवाई के दौरान तीन गौवंश और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया गया। गौवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उन्हें सुरक्षित रखवाया गया।
मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम तथा छत्तीसगढ़ पशुओं के परिवहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। तीनों आरोपियों को 30 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सूरज प्रकाश, सहायक उप निरीक्षक दीनानाथ सिन्हा, आरक्षक शिव कुमार सेन, हेमंत वर्मा सहित पुलिस स्टाफ और गौवंश सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
