30 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी शराब दुकान के पास आपसी विवाद के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजा मनहर (25) को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की रात करीब 7:30 बजे राकेश प्रजापति अपने दोस्त जितेंद्र साहू के साथ हरदीकला स्थित शराब दुकान गया था। शराब लेने के दौरान वहां दो युवकों से धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया।
इसके बाद शराब दुकान के बाहर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने राकेश के पेट में चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 620/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजा मनहर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अपचारी बालक द्वारा अपने साथी राजा मनहर के साथ मिलकर चाकू से राकेश के पेट में वार कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया गया। पुलिस ने दोनों को विधिवत अभिरक्षा में लेकर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
आरोपी: राजा मनहर पिता मोहित मनहर, उम्र 25 वर्ष, निवासी कोरमी मोड़ के पास, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
