30 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
हरदीकला टोना। ग्राम हरदीकला टोना में दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर सब्बल से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को सुभाष कुर्रे और उसके छोटे भाई सुदर्शन कुर्रे के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुदर्शन ने कथित तौर पर सब्बल से सुभाष पर हमला कर दिया। हमले में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी सुदर्शन मौके से फरार हो गया और गांव में ही छिपकर पुलिस से बचने की कोशिश करने लगा। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान डायल-112 में तैनात आरक्षक चंद्रकांत निर्मलकर को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी अपने घर में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही आरक्षक चंद्रकांत निर्मलकर क्रमांक 1310 और चालक संतुराम साहू तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी सुदर्शन कुर्रे को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को संबंधित थाने लाकर पुलिस ने पूछताछ शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते हत्या के आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जानकारी में घटना के समय दोनों भाइयों के नशे में होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
