31 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, बिलासपुर द्वारा सिम्स अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ समाज में मानव सेवा और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, बिलासपुर के अध्यक्ष वहीद सिद्दीकी ने रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक नेक और मानवीय कार्य है। हमारा रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि मुसलमानों को पैगंबर हज़रत मुहम्मद ﷺ की शिक्षाओं पर अमल करते हुए जरूरतमंदों और पीड़ितों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहना चाहिए। उन्होंने हदीस का हवाला देते हुए कहा, तुम ज़मीन वालों पर रहम करो, आसमान वाला तुम पर रहम करेगा। उन्होंने कहा कि इस्लाम केवल इबादत का संदेश नहीं देता, बल्कि इंसानियत, रहम, सेवा और जरूरतमंदों की मदद करने की भी शिक्षा देता है। रक्तदान जैसे कार्य समाज में आपसी सहयोग, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।

शिविर में अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन का भी विशेष सहयोग रहा। संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी अलीम अंसारी के साथ सक्रिय सदस्य शब्बीर सिद्दीकी, वसीम अंसारी एवं हसन अली उपस्थित रहे। इस दौरान बतौर-ए-खास समाजसेवी अलीम अंसारी के हाथों रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द के सदस्य रशीद अंसारी, खालिद हनिफी, वहीद सिद्दीकी, सरफराज आलम, जावेद खान, अयूब, साजिया, सबा परवीन, राजा खान, खलील खान सहित जमाअत के कार्यकर्ता एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी निभाई।

अंत में जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, बिलासपुर ने समाज के लोगों से जरूरतमंदों की सहायता, रक्तदान तथा मानव सेवा से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
