26 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और भोजली पर्व की गौरवशाली विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से मां बिलासा लोक संस्कृति एवं कला मंच, पचरीघाट द्वारा 29 अगस्त को भोजली महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में बताया कि पचरीघाट स्थित भोजली विसर्जन स्थल पर दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा। महोत्सव में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, पारंपरिक प्रस्तुतियों और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। साथ ही प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा।
भोजली समितियों के बीच होगी प्रतियोगिता:महोत्सव में भोजली समितियों एवं प्रतिभागियों के लिए विशेष प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली समितियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि:कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू मुख्य अतिथि तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल अध्यक्ष के रूप में शामिल होंगे। नगर निगम महापौर पूजा अशोक विधानी सहित सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अतिथियों की भी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल द्वारा मां अरपा महाआरती की जाएगी, जो महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगी।
आयोजक किशन लाल केंवट, शिवप्रताप साव, पार्षद आशीष गुप्ता, एल्डरमैन योगेश बोले और देवेंद्र पाठक और बलराम हरियानी ने कहा कि भोजली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और सामाजिक एकता की पहचान है। महोत्सव के माध्यम से लोक परंपराओं को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मंच ने शहरवासियों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भोजली महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
