23 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने रविवार को थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, अवैध शराब और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त तेवर देखने को मिले।
थाना क्षेत्र के 79 गांवों में से 14 गांवों को झगड़ालू ग्राम के रूप में चिन्हित किया गया है। इन क्षेत्रों में अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने थाना प्रभारी और स्टाफ को अवैध शराब के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बॉन्ड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। बॉन्ड का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार राशि जब्त करने की कार्रवाई भी होगी।

निरीक्षण के दौरान कुछ पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने और अपराध नियंत्रण व जनसंपर्क में उनकी कार्यप्रणाली पर संदेह व्यक्त किए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी हड़कंप की स्थिति रही।

एसएसपी ने बीट कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों, अपराधियों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही झगड़ालू गांवों में अपराधों की जानकारी जुटाकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी के औचक निरीक्षण से साफ संदेश है कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही और अवैध गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
