21 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर परऑल इंडिया कांग्रेस सोशल ऑर्गेनाइजेशन छत्तीसगढ़ की ओर से इस्माइलगंज, मुस्लिम सराय, चुचुहियापारा में स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। आयोजन में रक्तदान के साथ चिकित्सा सेवा को जोड़ते हुए मानवता, सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं आम नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में अपनी भागीदारी निभाई।

एक ही छत के नीचे कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में लोगों के शुगर और रक्तचाप की निःशुल्क जांच की गई। इसके साथ ही विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में डॉ. स्मृति पूजा लाल (एम.डी. मेडिसिन), डॉ. नरेन्द्र कुमार गुप्ता (जनरल सर्जरी), डॉ. आराधना (स्किन एवं कॉस्मेटिक), डॉ. श्रीकांत गिरी (शिशु रोग) तथा डॉ. विशाल चौधरी (दंत रोग) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
रक्तदाताओं का सम्मान, सेवा के जज्बे को मिला प्रोत्साहन
रक्तदान करने वाले लोगों को आयोजकों की ओर से प्रमाण पत्र एवं ब्लूटूथ हेडफोन देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ा और शिविर में रक्तदान को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

मकसूद अली बोले—रक्तदान महादान, एक यूनिट रक्त बचा सकता है किसी की जिंदगी:कार्यक्रम में ऑल इंडिया सोशल कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष मकसूद अली ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा, “रक्तदान महादान है।” रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों, विशेषकर सिकल सेल सहित अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए रक्तदान बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करने और मानव सेवा के इस अभियान को मजबूत बनाने की अपील की।
शिक्षा, रोजगार और समाजसेवा को लेकर संगठन की प्रतिबद्धता: ऑल इंडिया कांग्रेस सोशल ऑर्गेनाइजेशन छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन आम नागरिकों की मदद, शिक्षा को बढ़ावा देने, शिक्षित भारत के निर्माण, बेरोजगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंदों तक सेवा और सहयोग पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संगठन ने भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद:कार्यक्रम में मकसूद अली छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष,ऑल इंडिया कांग्रेस सोशल ऑर्गेनाइजेशन छत्तीसगढ़, आबिद अली लोकसभा अध्यक्ष, गीतांजलि कौशिक अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी,तथा फैय्याज़ अहमद सदर, सुन्नी हन्फी मस्जिद सहित अन्य पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
राजीव गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस शिविर ने रक्तदान, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को एक मंच पर लाकर सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। आयोजकों का कहना है कि जरूरतमंदों की मदद और समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य एवं सहयोग पहुंचाने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
