19 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर l/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुसौर पुलिस ने ग्राम पुटकापुरी में दबिश देकर 1.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा बिक्री के लिए छिपाकर रखने वाले 45 वर्षीय भुरवा दास महंत को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुटकापुरी में एक व्यक्ति अपने घर के बाहर परछी में खाद की बोरी के पीछे गांजा छिपाकर बिक्री की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी परछी में छिपने का प्रयास कर रहा था, जिसे टीम ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भुरवा दास महंत पिता स्व. ननकी दाऊ महंत, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम पुटकापुरी, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ बताया।
तलाशी के दौरान खाद की बोरी के पीछे भूरे रंग की प्लास्टिक पन्नी में भूरे टेप से लिपटा गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर कुल 1.10 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 8,000 रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना पुसौर में धारा 20(बी) एनडीपीएस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
कार्रवाई में एसआई कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक योगेश यादव, दिव्या बंजारे, प्रधान आरक्षक श्याम लाल महंत तथा आरक्षक महेश चौहान, तारिक अनवर और दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
