19 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। चिखली-रैबार के बीच सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को भी चोरों ने नहीं बख्शा। हादसे के बाद ढाबे के सामने खड़ी बाइक के पार्ट्स चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुसौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। बरामद इंजन का नंबर JC85AD4127825 है, जिसे जांच में मृतक के नाम पंजीकृत मोटरसाइकिल का पाया गया।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को शत्रुघन मेहर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BF 4628 होंडा साइन से सब्जी बेचने रायगढ़ जा रहा था। चिखली और रैबार के बीच तेज रफ्तार एवं लापरवाही से चलाए जा रहे पिकअप वाहन क्रमांक CG 06 HD 3685 ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शत्रुघन मेहर की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मृतक के भाई संजय मेहर को सुपुर्द कर दी थी। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण संजय ने उसे चिखली के पास स्थित अपने ढाबे के सामने खड़ा कर दिया था। 18 अगस्त को जब वह मौके पर पहुंचा तो बाइक वहां से गायब मिली।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुसौर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जप्त मोटरसाइकिल पार्ट्स और इंजन नंबर JC85AD4127825 के संबंध में परिवहन कार्यालय से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि इंजन मृतक शत्रुघन मेहर के नाम पंजीकृत मोटरसाइकिल का ही था।
इसके बाद पुलिस ने मोहनीश पटेल (21), निवासी खोखरा, थाना पुसौर और शिव कुमार खुंटे (22), निवासी जूटमिल क्षेत्र रायगढ़ को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ और जांच में दोनों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुसौर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए 18 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 216/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
