20 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में घर के दरवाजे तक पहुंचकर मदद और चंदे के नाम पर लोगों का भरोसा जीतने वाले संदिग्धों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चंदा मांगने के बहाने एक महिला घर के भीतर दाखिल हुई और कथित तौर पर गृहिणी पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद महिला के शरीर से जेवर निकालकर फरार हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला वेयर हाउस रोड स्थित 12 खोली सरकारी क्वार्टर का बताया जा रहा है। यहां ड्राइवर शंकर साहू अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार को शंकर साहू ड्यूटी पर गए हुए थे और उनकी पत्नी सविता साहू घर में अकेली थीं।
बताया जा रहा है कि शाम करीब चार बजे एक महिला चंदा मांगने के बहाने उनके घर पहुंची। बातचीत के दौरान महिला घर के अंदर दाखिल हो गई। आरोप है कि घर में प्रवेश करने के बाद उसने सविता साहू पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं।
बेहोशी का फायदा उठाकर जेवर लेकर भागी
आरोप है कि सविता के बेहोश होते ही महिला ने उनके शरीर से जेवर उतारे और मौके से फरार हो गई। कुछ समय बाद जब सविता को होश आया तो उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज?:सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध महिला की पहचान की जा सके। पुलिस महिला के घर तक पहुंचने और घटना के बाद वहां से निकलने वाले रास्ते की भी जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में कितने और किस तरह के जेवर चोरी हुए, महिला ने वास्तव में किस तरीके से हमला किया और वारदात के पीछे उसका क्या मकसद था, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
घटना ने शहर में घरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चंदा, मदद या किसी अन्य बहाने से अनजान लोगों को घर के भीतर प्रवेश देने से पहले सावधानी बरतने की जरूरत है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर
प्रधान संपादक
