19 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक को धारदार बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की उसकी मंशा पर पानी फेर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्टील का एक धारदार बटनदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार गश्त कर असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान तारबाहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बंगला यार्ड पानी टंकी के पास एक युवक धारदार चाकू लेकर खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब से एक नग धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अरमान खान (20), निवासी रविदास चौक के पास करबला, थाना कोतवाली, बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध
पूर्व में कई थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 293/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, प्रधान आरक्षक जय सिंह धुर्वे, आरक्षक महेन्द्र सोनकर, राजेश श्रीवास एवं नुरूल कादिर का सराहनीय योगदान रहा।
