19 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पड़ोसी के घर घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निगरानी बदमाश और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे प्रार्थिया घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोसी किशन आडिल शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। महिला ने घटना की जानकारी अपने पति को फोन पर दी। पति के घर पहुंचने पर किशन ने उसके साथ भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला द्वारा बीच-बचाव करने पर किशन की पत्नी रानी आडिल भी मौके पर पहुंच गई और महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगी। घटना की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल के आसपास दबिश देकर दोनों आरोपियों की घेराबंदी की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक नुरूल कादिर, आरक्षक राजेश श्रीवास, आरक्षक रूपलाल चंद्रा एवं आरक्षक भागीरथी गेदले का सराहनीय योगदान रहा।
आरोपी:
किशन आडिल, उम्र 28 वर्ष
रानी आडिल, उम्र 21 वर्ष
प्रकरण: अपराध क्रमांक 288/2026, धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 333, 226, 329(4), 3(5) बीएनएस।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
