
बिलासपुर। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बिल्हा क्षेत्र के ग्राम उड़नताल में सार्वजनिक स्थान पर हार-जीत का जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ताश पत्तियों सहित एक लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर जिलेभर में जुआ-सट्टा खेलने एवं खिलाने वालों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस द्वारा क्षेत्र में सूचना तंत्र सक्रिय किया गया था।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित सिविल टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उड़नताल स्थित अग्रवाल फार्म हाउस के पीछे नदी किनारे कुछ लोग हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद 8,090 रुपये, 52 पत्ती ताश, बोरी फट्टी, 03 मोटरसाइकिल (करीब 1 लाख रुपये कीमत) तथा 03 मोबाइल फोन (करीब 40 हजार रुपये कीमत) जब्त किए हैं। कुल मिलाकर जुआ प्रकरण में 1 लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष टंडन (32) निवासी उड़नताल, हरीश यादव (40) निवासी चकरभाठा तथा लक्ष्मण भारद्वाज (35) निवासी दगौरी शामिल हैं।
आरोपियों के विरुद्ध थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत धारा 3(2) जुआ एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
करवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
