
सराफा कारोबार को नई उड़ान, पंडरी मंडी परिसर में बनेगा अत्याधुनिक कॉम्प्लेक्स; उत्पादन से लेकर थोक व्यापार तक एक ही छत के नीचे होंगी सुविधाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सराफा कारोबार के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी पहल सामने आई है। राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में लगभग 10 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक “जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क” (Gems & Jewellery Park) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसे छत्तीसगढ़ के सराफा व्यापार को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस फैसले को सराफा समाज की वर्षों पुरानी मांग और सामूहिक संघर्ष की ऐतिहासिक सफलता बताते हुए मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक व्यावसायिक परिसर नहीं, बल्कि सराफा उद्योग के लिए आधुनिक और आत्मनिर्भर इकोसिस्टम साबित होगी।
एक ही परिसर में मिलेगा सराफा कारोबार का पूरा ढांचा
प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को एक भव्य मल्टी-स्टोरी कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां सराफा उद्योग से जुड़ी लगभग सभी गतिविधियों को एक ही छत के नीचे संचालित करने की व्यवस्था होगी।
इसमें सोने-चांदी की मैन्युफैक्चरिंग, कटिंग-पॉलिशिंग, रिफाइनिंग, थोक व्यापार और आधुनिक व्यावसायिक सुविधाओं का समावेश किया जाएगा। परिसर को आधुनिक “मैरिज डेस्टिनेशन मॉल” की तर्ज पर विकसित किए जाने की योजना है, जिससे यह व्यापारिक गतिविधियों के साथ ग्राहकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र भी बनेगा।
कारीगरों को रोजगार और कौशल विकास का मिलेगा अवसर:इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रदेश के हजारों स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, कारीगरों के लिए कौशल विकास (स्किल ट्रेनिंग) की व्यवस्था भी प्रस्तावित है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा सकेगा।
एसोसिएशन का मुख्यालय और विशाल सभागृह भी होगा स्थापित:जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क परिसर में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का मुख्य कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही एक विशाल सभागृह (ऑडिटोरियम) के निर्माण का भी प्रस्ताव है, जहां सराफा समाज से जुड़े कार्यक्रम, बैठकें और बड़े आयोजन किए जा सकेंगे।
जून में होगा ‘महा सम्मेलन’, सरकार का होगा नागरिक अभिनंदन:प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में आगामी जून माह में सराफा समाज की ओर से एक भव्य “महा सम्मेलन” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार और प्रमुख मंत्रियों का नागरिक अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया जाएगा।
इन जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों का जताया आभार
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
सराफा कारोबार से जुड़े जानकारों का मानना है कि यह परियोजना आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख सराफा और जेम्स-ज्वेलरी व्यापारिक केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
