
बिलासपुर:तोरवा थाना क्षेत्र में बालिकाओं से कथित छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियां करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की हरकतों से क्षेत्र की बालिकाओं और महिलाओं में भय एवं असुरक्षा का माहौल बन रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को पीड़िता ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि मोहल्ले में रहने वाला संदीप जगत आए दिन उसे और अन्य बालिकाओं को देखकर अभद्र टिप्पणियां करता था तथा अशोभनीय व्यवहार कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 273/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 79, 75(i)(ii), 296, 351(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 8 और 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बालिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार और टिप्पणियां करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर 30 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
