
बिलासपुर:शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में एक युवक की रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 32 वर्षीय ईश्वर गोंड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, ईश्वर गोंड पेशे से पेंटर था और गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार का आरोप है कि शराब दुकान के अहाता के समीप कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और बाद में उसने दम तोड़ दिया।
हालांकि मामले में एक अलग पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में घर लौटने के बाद ईश्वर ने अपने परिजनों को सड़क दुर्घटना में घायल होने की जानकारी दी थी। ऐसे में पुलिस अब दुर्घटना और हमले—दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस सक्रिय हुई और एक संदेही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों को खंगाल रही है। वहीं मृतक के परिजनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि यदि युवक के साथ मारपीट हुई है तो दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए।
