
बिलासपुर:बिलासपुर पुलिस द्वारा जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खमतराई क्षेत्र के एक खेत में ‘काट-पत्ती’ जुआ खेल रहे 08 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹14,700 नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में उपयोग की जा रही सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टाउन पेट्रोलिंग के दौरान थाना सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खमतराई स्थित एक खुले खेत में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर ‘काट-पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने राहगीरों को गवाह बनाकर मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोग भागने में सफल रहे, जबकि 08 आरोपियों को मौके पर दांव लगाते हुए पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल ₹14,700 नगद, 52 पत्ती ताश और अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 810/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
