
बिलासपुर:सकरी थाना क्षेत्र में हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सकरी में अपराध क्रमांक 493/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश मरकाम (32 वर्ष) निवासी एम-12, अटल आवास सकरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 30 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सकरी शराब भट्ठी रोड जाने वाले रास्ते पर हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक उमेश साहू ने पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की। मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस ने सकरी शराब भट्ठी रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक उमेश साहू सहित पुलिस टीम के प्रआर चोलाराम पटेल, आरक्षक रूपेश कौशिक, पवन बंजारे और मनोज बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
