
बिलासपुर:हत्या की साजिश रचने और आरोपियों को देसी कट्टा व कारतूस उपलब्ध कराने वाले पांच साल से फरार आरोपी को सरकंडा पुलिस की चौकी मोपका टीम ने उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या की साजिश मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मामला थाना सरकंडा के अपराध क्रमांक 1371/2021 से जुड़ा है, जिसमें धारा 115, 120बी आईपीसी तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंदन सागर उर्फ कुंदन शा (28 वर्ष) पिता लाल बहादुर शा निवासी सिंधी मोहल्ला, कपूर बिल्डिंग के पास, राजगंगपुर थाना क्षेत्र, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2021 को तत्कालीन थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक परिवेश तिवारी अपनी टीम के साथ टाउन पेट्रोलिंग एवं अपराधियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बंगाली पारा गली नंबर-3 के पास कुछ युवक किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी सुमेश कश्यप निवासी ग्राम नेवसा थाना रतनपुर को पकड़ लिया।
पूछताछ में सुमेश ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों रॉकी उर्फ करण कश्यप एवं किशन कश्यप के साथ पुरानी रंजिश के चलते नेवसा निवासी मोंटी कश्यप की हत्या की योजना बना रहा था। इसके लिए उड़ीसा के राजगंगपुर निवासी कुंदन सागर से देसी कट्टा और कारतूस मंगाए गए थे। आरोपी मोंटी कश्यप की हत्या के लिए मौके और समय की तलाश में थे, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
तत्कालीन कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी सुमेश कश्यप के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया था, जबकि रॉकी उर्फ करण कश्यप के कब्जे से एक कारतूस जब्त किया गया था। मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।
घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी कुंदन सागर लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। चौकी मोपका पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर उड़ीसा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
