
रायगढ़। जिले में युवाओं और नाबालिगों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले नेटवर्क के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतवाली पुलिस ने नशीले बुट्रम इंजेक्शन की अवैध बिक्री से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खरसिया निवासी सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि रायगढ़ के रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिगों और युवाओं को बुट्रम इंजेक्शन लगाकर नशा करा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां कुछ युवक भाग निकले, जबकि सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान सूरज पंडित के कब्जे से 24 नग नशीली बुट्रम इंजेक्शन, दो सिरिंज, 7,370 रुपए नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदकर युवाओं और नाबालिगों को बेचने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने सरोज यादव को भी गिरफ्तार किया।
मामले की आगे की जांच में खुलासा हुआ कि सरोज यादव को नशीले इंजेक्शन खरसिया निवासी सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर उपलब्ध कराता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने 50 नग बुट्रम नशीले इंजेक्शन बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 279/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग की अपील की है।
