
बिलासपुर:शहर के सबसे बड़े व्यावसायिक केंद्र व्यापार विहार में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तारबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत जून क्रमांक-2 स्थित एक तेल एजेंसी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन मंजिला भवन से घना काला धुआं आसमान में उठने लगा, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच व्यापार विहार स्थित चौधरी एजेंसी से धुआं उठता देख आसपास के व्यापारियों ने तत्काल एजेंसी संचालक, फायर ब्रिगेड, पुलिस अधिकारियों और कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आग की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल वाहनों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।


बताया जा रहा है कि संबंधित एजेंसी में तेल भंडारण के साथ पैकेजिंग और रिफिलिंग का कार्य भी किया जाता था, जिसके कारण आग के तेजी से फैलने की आशंका बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भवन से उठ रहा घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जबकि आग की लपटों ने आसपास के व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी।
घटना स्थल के समीप थोक आलू-प्याज की एजेंसी सहित करीब 10 से 15 दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं।


संभावित बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए व्यापारी आनन-फानन में अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालते नजर आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन दोनों ओर के मार्ग बंद कर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी।
फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास करती रही। समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किए जाने की बात कही है।
