
रायगढ़:जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और बढ़ती झगड़ा-मारपीट की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रायगढ़ पुलिस ने जूटमिल थाना क्षेत्र में बड़ा फ्लैग मार्च निकालते हुए असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया। काशीराम चौक, गढ़उमरिया, ओडिशा हाईवे और जूटमिल मार्केट समेत संवेदनशील इलाकों में देर रात तक पैदल पेट्रोलिंग कर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नागरिकों को भरोसा दिलाया कि शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, जूटमिल पुलिस टीम तथा 6वीं बटालियन के सशस्त्र जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर आम लोगों से संवाद किया और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी।


फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी ने स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं युवकों को बुलाकर समझाइश दी गई कि वे आपसी विवाद, मारपीट, स्टंटबाजी और अनावश्यक समूहबाजी से दूरी बनाए रखें। पुलिस ने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, बदमाशी या आवारागर्दी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए बीट आरक्षकों और थाना प्रभारी के संपर्क नंबर भी साझा किए गए।


संयुक्त पुलिस टीम ने युवकों की अड्डेबाजी वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए सार्वजनिक जगहों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। कई संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और संबंधित लोगों को भविष्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ न करने की चेतावनी दी गई। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा और भरोसे का माहौल देखने को मिला।
